अब अहमदाबाद में होगा नाटक मुगल—ए—आजम : द म्यूजिकल का भव्य मंचन

0
403

अहमदाबाद। मुम्बई और दिल्ली में रंगमंच प्रेमियों की ओर से मिले जबरदस्त समर्थन के बाद फिल्म और नाटक निर्देशक फिरोज अब्बास खान अहमदाबाद में ब्रॉडवे वर्ल्ड इंडिया पुरस्कार से सम्मानित भव्य नाटक मुगल—ए—आजम : द म्यूजिकल का मंचन करने जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार कोकोनट इवेंट के सहयोग से फिल्म मुगल—ए—आजम के नाटक संस्करण मुगल—ए—आजम : द म्यूजिकल का आयोजन 8 से 11 मार्च 2018 के बीच ट्रांसस्टेडिया, अहमदाबाद में किया जाएगा। हर दिन दो शो किए जाएंगे, जो शाम और रात्रि के समय होंगे।

नाटक मुगल—ए—आजम : द म्यूजिकल के ट्रेलर का संक्षेपित हिस्सा :

इस नाटक में काम करने वाले कलाकारों के परिधान मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने डिजाइन किए हैं, जो मुगल काल की याद ताजा करते हैं।

दिलचस्प बात तो यह है कि नाटक के कलाकार प्रस्तुति के दौरान जब प्यार किया तो डरा क्या से लेकर मोहे पनघट तक सदाबाहर गानों को मंच पर लाइव गाएंगे। इन गानों की कोरियोग्राफी विश्व प्रख्यात कोरियोग्राफर म्यूरी उपाध्याय ने की है।

अहमदाबाद में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान निर्देशक फिरोज अब्बस खान ने कहा, ‘मेरे अहमदाबाद और यहां के लोगों के साथ लंबे समय से संबंध रहे हैं। मुगल—ए—आजम : द म्यूजिकल को इस खूबसूरत शहर में लाकर मैं खुश हूं। अब मुझे यहां के दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार रहेगा। रंगमंच को लेकर गुजरात के लोग प्यार और समझ दोनों रखते हैं। इसलिए हमने महसूस किया कि इस नाटक का मंचन अहमदाबाद में करना बहुत महत्वपूर्ण है।’

निर्माता कंपनी शापूरजी पल्लोनजी के दीपेश सालगिया ने अहमदाबाद को चुनने के पीछे का कारण बताते हुए कहा, ‘मुम्बई में हमारे दर्शकों का एक बड़ा हिस्सा गुजरात से संबंधित रहा है। गुजराती लोग नाटकों से प्यार करते हैं और हमेशा आते हैं। इसलिए अहमदाबाद हमारी पहली पसंद था।’

कोकोनट मीडिया बॉक्स के मालक रश्मिन मजीठिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘किसी भी रूप में मनोरंजन को पूरे मनमोहक ढंग से आयोजित किया जाना चाहिए, जिससे इंडस्ट्री इसे प्रमुख घटना के रूप में याद रखे। मैंने अपने कार्यक्रमों में मुगल—ए—आजम : द म्यूजिकल को शामिल किया क्योंकि यह नाटक भारत में अपने समय और उम्र के सबसे महान और शानदार नाटकों में से एक है।’