पुष्पा जोशी को 81 साल की उम्र में मिला बड़ा ब्रेक, अजय देवगन के साथ आएंगी नजर

0
307

मुम्बई। जी हां, जबलपुर की रहने वाली 81 वर्षीय पुष्पा जोशी फिल्म स्टार अजय देवगन अभिनीत फिल्म रेड में अहम भूमिका निभाने जा रही हैं। सच्ची घटना पर आधारित और राजकुमार गुप्ता निर्देशित फिल्म रेड की शूटिंग लखनउ में चल रही है।

जिंदगी के आठ दशक देख चुकीं पुष्पा जोशी के मामले में दिलचस्प बात तो यह है कि वह न तो मायानगरी से हैं और नाहीं कभी मायानगरी में कैरियर बनाने के लिए उत्सुक रही हैं।

आपको जानकार हैरानी होगी कि फिल्म रेड में दादी की भूमिका निभाने वाली पुष्पा जोशी को जब इस उम्र में बॉलीवुड से फिल्म करने के लिए आॅफर आया तो उन्होंने सीधे सीधे मना कर दिया।

अजय देवगन जैसे ​स्टार के साथ काम करने का मौका मिलना हर किसी के नसीब में नहीं होता, लेकिन, आम जीवन में खुश रहने वाली पुष्पा जोशी इसके लिए उत्सुक न थी। लेकिन, परिवार वालों ने पुष्पा जोशी को इस फिल्म में काम करने के लिए राजी किया।

इस बारे में बात करते हुए पुष्पा जोशी के बेटे रविंद्र जोशी, जो बैंक मैनेजर हैं, बताते हैं कि युवावस्था में उनकी माताश्री को अभिनय का शौक था। लेकिन, शादी के बाद उन्होंने कभी अभिनय करने के लिए उत्सुकता नहीं दिखाई।

अन्य सवाल के जवाब पर रविंद्र जोशी बताते हैं, ‘मुझे एक दिन फिल्म प्रोडक्शन हाउस पैनोरमा स्टूडियोज से कॉल आया। उन्होंने मेरी माताश्री के अभिनय की तारीफ की और आॅडिशन के लिए आमंत्रित किया। मैंने यह बात जब माता श्री से साझा की तो माता जी ने झट से इंकार कर दिया। मगर, परिवार के बार बार कहने पर माताश्री वर्सोवा में आॅडिशन के लिए जाने को तैयार हुए। उनके अभिनय से प्रभावित होकर प्रोडक्शन हाउस ने कुछ दिनों बाद उनको फिल्म के लिए साइन कर लिया।’

प्रोडक्शन हाउस ने पुष्पा जोशी की प्रतिभा को कहां देखा? के सवाल पर रविंद्र जोशी, जो खुद बैंक अधिकारी हैं, बताते हैं, ‘हमारा एक Indie Routes नामक यूट्यूब चैनल है। इस चैनल पर हमारी बहू ऋषिता जोशी ने एक शॉर्ट फिल्म जायका बनाकर रिलीज की थी। इस फिल्म में लीड भूमिका मेरी माताश्री ने अदा किया था। इसको देखकर प्रोडक्शन हाउस ने मुझे माताश्री के लिए अप्रोच किया।’

फिल्म में किरदार के बारे में बात करते हुए श्री जोशी कहते हैं, ‘फिल्म में मेरी मां फिल्म अभिनेता सौरभ शुक्ला की मां का किरदार अदा करेंगी। फिल्म की शूटिंग इस समय लखनउ में चल रही है। मेरी मां पिछले एक हफ्ते से शूटिंग कर रही हैं। उनकी शूटिंग का शेड्यूल लगभग एक महीना लंबा है।’

गौरतलब है कि पुष्पा जोशी जबलपुर शहर के प्रेम नगर की रहने वाली हैं। पुष्पा जोशी का जन्म 27 अगस्त 1936 को हुआ था। पुष्पा जोशी के पति स्वर्गीय बालकृष्ण जोशी मध्य-प्रदेश शासन में उप जिलाध्यक्ष थे। पुष्पा जोशी के पोते आभास और श्रेयस जोशी फिल्म संगीत जगत से जुड़े हुए हैं।