राजकुमार राव की अगली फिल्‍म न्‍यूटन का नया पोस्‍टर रिलीज

0
194

मुम्‍बई। फिल्‍म निर्माता कंपनी दृश्‍यम फिल्‍म्‍स, जो मसान, धनक, वेटिंग और आंखों देखी का निर्माण कर चुकी है, ने मंगलवार को अपनी आगामी फिल्‍म न्यूटन का आधिकारिक पोस्‍टर रिलीज किया, जोकि रेजर शॉर्प ब्‍लैक कॉमेडी फिल्‍म है।

फिल्‍म निर्माता मनीश मुंद्रा द्वारा निर्मिति फिल्‍म न्‍यूटन में राजकुमार राव लीड भूमिका निभा रहे हैं जबकि फिल्‍म का निर्देशन सुलेमानी कीड़ा फेम निर्देशक अमित वी मसुरकर कर रहे हैं।

फिल्‍म न्‍यूटन के इस पोस्टर में राजकुमार राव हाथ में ईवीएम पकड़े दौड़ रहे हैं और बगल में लिखा हुआ है कि सीधा आदमी उल्टी दुनिया!। फिल्‍म पोस्‍टर में राजकुमार राव के हाव भाव बता रहे हैं कि कुछ तो गड़बड़ हुई है, जो जनाब बगल में ईवीएम मशीन दबाकर भाग रहे हैं।

दरअसल, फिल्‍म में राजकुमार राव क्‍लर्क न्यूटन कुमार की भूमिका निभा रहे हैं, जिसको छत्‍तीसगढ़ के नक्‍सल प्रभावित क्षेत्र में चुनाव करवाने के लिए तैनात किया जाता है। लेकिन, इस दौरान क्‍लर्क न्‍यूटन कुमार को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

बता दें कि 67वें बर्लिन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्‍म न्यूटन को खूब सराहा गया था और इसे CICAE आर्ट सिनेमा अवॉर्ड से नवाजा भी जा चुका है।

फिल्‍म निर्माता मनीश मुंद्रा निर्मित फिल्‍म न्यूटन में पंकज त्रिपाठी, अंजलि पाटिल, रघुवीर यादव और संजय मिश्रा भी नजर आएंगे और फिल्‍म 18 अगस्त को रिलीज हो रही है।