फिल्‍म बेवॉच का प्रचार शुरू, इस शो पर नजर आएंगी प्रियंका

0
291

लॉस एंजिलिस। एलेन डिजेनर्स, जिमी किमेल और जिमी फॉलन के साथ टेलीविजन पर नजर आ चुकीं प्रियंका चोपड़ा जल्‍द ही ‘दि लेट शो विद स्टीफन कोलबर्ट’ में नजर आएंगी।

जारी एक बयान के अनुसार, भारतीय मूल की अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अपनी आगामी हॉलीवुड फिल्म ‘बेवॉच’ के प्रचार के लिए कॉमेडियन स्टीफन कोलबर्ट के शो में पहुंचेंगी।

भारत में ‘दि लेट शो विद स्टीफन कोलबर्ट’ के इस एपिसोड, जिसमें प्रियंका चोपड़ा उपस्‍थित होंगी, का प्रसारण स्टार वर्ल्‍ड प्रीमियर पर 7 फरवरी को होगा।

उल्‍लेखनीय है कि फिल्म ‘बेवॉच’ 1990 के लोकप्रिय इसी नाम के टीवी शो पर आधारित है। फिल्‍म में प्रियंका चोपड़ा विलेन विक्टोरिया की भूमिका में हैं।

इसके अलावा बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अमेरिकी टेलीविजन सीरीज ‘क्वांटिको’ के दूसरे सीजन की शूटिंग भी कर रही हैं।

-आईएएनएस