रेप पीड़िता ने सलमान ख़ान से दस करोड़ मांगे, क्‍यों?

0
259

चंडीगढ़। विवाद सुलतान अभिनेता सलमान खान का दामन छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। अब हरियाणा में 10 व्यक्तियों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई एक युवती ने अभिनेता सलमान खान को कानूनी नोटिस भेजकर दस करोड़ रुपये की मांग की है।

दुष्‍कर्म पीड़िता ने सलमान ख़ान से दुष्कर्म पीड़िताओं का अपमान करने के बदले में इस रकम की मांग की है।

हिसार जिले की सामूहिक दुष्कर्म की शिकार पीड़िता ने सलमान खान को मुंबई स्थित उनके ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट्स’ के पते पर अपने वकील के जरिए शनिवार को नोटिस भेजा। पीड़िता ने नोटिस में कहा है कि सलमान खान ने दुष्कर्म पीड़ित महिला की स्थिति से मुश्किल दृश्य की तुलना करके दुष्कर्म पीड़िताओं की दुर्दशा का मजाक बनाने का प्रयास किया है।

Salman khan 004

गौरतलब है कि चार साल पहले हिसार में 10 लोगों ने इस युवती का अपहरण करके उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। अदालत ने दोषियों को आजन्म कारावास की सजा दी है, जबकि पीड़िता उनके लिए फांसी की सजा मांग रही है। पीड़िता के पिता ने इस घटना के बाद आत्महत्या कर ली थी।

सलमान खान से यह पूछे जाने पर कि उन्हें ‘सुल्तान’ की कठिन शूटिंग के दौरान कैसा महसूस होता था, उन्होंने जवाब में कहा था कि उन्हें ‘दुष्कर्म की शिकार महिला जैसा महसूस होता था, क्योंकि शूटिंग के बाद वह खड़े भी मुश्किल से हो पाते थे।’

सलमान के इस बयान की सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना हुई। सलमान के पिता और लेखक सलीम खान ने अपने बेटे की ओर से माफी मांगते हुए स्वीकार किया है कि उनकी टिप्पणी गलत थी।

इसके अलावा अभिनेता सलमान खान के खिलाफ कानपुर और लखनऊ की अदालतों में भी मामला दर्ज किया गया है।

-आईएएनएस