‘तिथि’ की प्रशंसा करिश्मे से कम नहीं : राम रेड्डी

0
184

मुंबई। राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजी गई कन्नड़ फिल्म ‘तिथि’ के निर्देशक राम रेड्डी का कहना है कि यह किसी करिश्मे से कम नहीं है कि एक कन्नड़ फिल्म को फिल्म उद्योग के दिग्गजों से भरपूर प्रशंसा मिल रही है।

फिल्मकार किरण राव के बाद अनुराग कश्यप ने भी सोमवार को फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया था, जिसमें कंगना रनौत, शेखर कपूर, सुधीर मिश्रा, विकी कौशल, स्वरा भास्कर जैसे सेलेब्रिटीज शामिल हुए थे।

raam reddy
रेड्डी ने एक बयान में कहा, “मैं अनुराग कश्यप के शानदार समर्थन के लिए उनका ऋणी हूं। उनके बिना आज यह फिल्म यहां नहीं होती। एक कन्नड़ फिल्म को फिल्म उद्योग के दिग्गजों से इस प्रकार भरपूर प्रशंसा मिलना किसी करिश्मे से कम नहीं है।”

रेड्डी की अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फिल्म कर्नाटक में मिली सफलता के बाद अंग्रेजी भाषांतर के साथ शुक्रवार को भारत के अन्य सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म ने पिछले साल मुंबई फिल्म समारोह (मामी) में एशिया प्रीमियर किया था और अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल का ‘गैंड्र प्राइज’ जीता था।

‘तिथि’ को हाल ही में 2016 राष्ट्रीय पुरस्कारों में कन्नड़ की सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला था और कर्नाटक राज्य फिल्म पुरस्कार 2016 में तीन पुरस्कार हासिल हुए थे।

-आईएएनएस